Home » PassengerTrain » पंचकुल से लगते चंडीगढ़ और मोहाली बॉर्डर्स पर सख्ती बढ़ी

पंचकुल से लगते चंडीगढ़ और मोहाली बॉर्डर्स पर सख्ती बढ़ी

अब पंचकूला में प्रवेश कर पाना आसान नहीं होगा। पंचकूला पुलिस प्रशासन ने चंडीगढ़ और मोहाली से लगते सभी बॉर्डर पर सख्ती बढ़ा दी है। पंचकूला पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा द्वारा बॉर्डर एरिया का दौरा कर नाके पर जवानों को आदेश दिए गए है।

पंचकूला वासियों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन और सख्त हो गया है। डीसीपी मोहित हांडा ने बॉर्डर पर तैनात पुलिस अधिकारियों को रिस्ट्रिक्टेड एंट्री के आदेश दिए।उन्होंने कहा कि बेवजह किसी भी व्यक्ति की जिले में एंट्री नहीं होनी चाहिए। यदि आदेश की अवहेलना हुई तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस दौरान उन्होंने पुलिस जवानों को अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया है। ट्राइसिटी में लगातार बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव मामलों के कारण पंचकूला से लगते चंडीगढ़ और मोहाली के सभी बॉर्डरों पर पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस के सहयोग से पंचकूला हेल्थ विभाग की टीम चंडीगढ़ की तरफ से आने वाले हर व्यक्ति की स्क्रीनिंग कर रही है। पंचकूला में प्रवेश करने वाली गाड़ी का नंबर और गाड़ी चालक कहां से आया? व अन्य कई तरह की जानकारी भी उनसे प्राप्त करके नोट की जा रही हैं।

इसके अलावा पंचकूला से लगते चंडीगढ़ व मोहाली बॉर्डर पर पंचकूला नगर निगम विभाग के द्वारा सैनिटाइजिंग का काम भी किया जा रहा है। चंडीगढ़ और मोहाली की तरफ से आने वाले दोपहिया वाहन, चार पहिया वाहन, किसी भी तरह का वाहन हो उसे पंचकूला में सैनिटाइज करने के बाद ही आने दिया जा रहा है।

पिछले कुछ दिनों में चंडीगढ़ की बापू धाम कॉलोनी व मोहाली में कोरोना पोस्टिव मरीजों की संख्या में रोजाना बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर पंचकूला पुलिस और हरियाणा स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद हो गया है।