Home » PassengerTrain » 2 हफ्ते के लिए बढ़ सकता है लॉकडाउन

2 हफ्ते के लिए बढ़ सकता है लॉकडाउन

देश में एक बार फिर लॉकडाउन बढ सकता है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि Lockdown 5.0 आ सकता है। लॉकडाउन 5.0 दो हफ्तों को हो सकता है। कोरोना संक्रमण की रफ्तार को कम करने के लिए लॉकडाउन-5 का स्वरूप अलग होगा। लॉकडाउन के अगले दौर में भी 11 शहरों यानि दिल्ली, मुंबई, थाणे, पुणे, इंदौर, चेन्नई, अहमदाबाद, जयपुर, सूरत और कोलकाता में छूट की कोई संभावना नहीं है। देश के 70 फीसदी मामले इन्हीं 11 शहरों में है। सरकार अब धार्मिक स्थलों को कुछ शर्तों के साथ खोलने के हक में हैं। लेकिन स्कूल कॉलेज और मॉल को अभी इजाजत नहीं मिलेगी।

भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर डेढ़ लाख के पार हो गई है। देश में कोरोना के मामले 14 दिन में दोगुने हो रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में 151,767 लोग संक्रमित हैं। वहीं देश में मौतों का आंकड़ा भी पिछले 16 दिनों में दोगुना होकर 4,337 हो गया है।

धार्मिक स्थलों पर मानने होंगे ये नियम

लॉकडाउन के पांचवें चरण में धार्मिक स्थल खोलने की इजाजत दी जा सकती है। गृह मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर पूजा एवं प्रार्थना करने के लिए सोशल डिस्टेंसिग का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा और लोगों को मास्क पहनना जरूरी होगा। हालांकि किसी धार्मिक आयोजन या पर्व की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इन पर रोक रहेगी जारी

लॉकडाउन के अगले चरण में शॉपिंग मॉल्स, सिनेमा हॉल्स, स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों, और बड़ी संख्या में लोगों की मौजदूगी वाली अन्य जगहों पर रोक जारी रह सकती है। हालांकि कुछ राज्य जून से स्कूल खोलने की मंशा जता रहे हैं पर केंद्र की ओर से साफ कर दिया गया है कि वह फिलहाल इसके पक्ष में नहीं हैं।