पंचकूला। जिले में हर जगह लावारिस पशुओं को घूमते हुए देखा जा सकता है। ये लावारिस पशु सडक़ों पर घूमते रहते है। जिस कारण सडक़ पर कभी वाहनों का जाम लग जाता है तो कभी इन पशुओं के कारण दुघटनाएं भी होती रहती है।

लेकिन अब माता मनसा देवी के गौधाम में करीब 250 पशुओं के लिए रहने की व्यवस्था कर दी गई है। इस गौधाम में एक और नया शेड लगा दिया गया है ताकि शहर में घूमने वाले पशुओं को यहां लाकर रखा जा सके। इसका पूरा खर्च पंचकूला गौशाला ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा। जिसके बाद 15 अगस्त को इन लावारिस पशुओं को इस गौधाम में लाया जाएगा।
माता मनसा देवी के गौधाम में रखी गायों के लिए चारें के रूप में दी तूड़ी पर साल में करीब 25 लाख रूपये का खर्च किया जाता है। इसके अलावा भी इनकी सेवा के लिए शहर के बहुत से लोगों द्वारा आटा, गुड़, चारा व प्रशाद भेंट किया जाता है। इस गौशाला में पहले से ही 1200 पशुओं को रखा गया है। यहां इनकी सेवा के लिए हर तरह की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।
लेकिन इन पशुओं की देखभाल में कई अन्य चीजों की जरूरत होती है। वहीं गायों के अन्य पशुओं के बीमार होने पर भी कई तरह के खर्च व इलाज के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए गौशाला ट्रस्ट के प्रधान कुलभूषण गोयल द्वारा सरकार से मांग की गई है कि इन पशुओं के इलाज के लिए एक अस्पताल खोल कर दिया जाए। ताकि इनकी सेवा में किसी तरह की कोई कमी न आ सके।