चंडीगढ़ में एक्ट्रेस अलंकृता के घर में घुसकर चाकू की नौक पर साढ़े छह लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहाली के एक फर्नीचर की दुकान पर काम करता था और उसने ही अपने दो साथियों संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को दबोचने के लिए पांच टीमें गठित की हैं। ये टीमें मोहाली, रोपड़ समेत उसके अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस की रिपोर्ट मुताबिक वह 15 दिन पहले ही फर्नीचर मार्केट में नौकरी पर लगा था। एक्ट्रेस के घर फर्नीचर पहुंचाने अर्जुन खुद साथियों से साथ आया था। इसी दौरान यहां रेकी कर शातिर ने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।
सीसीटीवी फुटेज से साफ पता चला है कि तीनों लुटेरों में वह भी था। इसके बाद पुलिस मोहाली स्थित उस फर्नीचर की दुकान पर पहुंची हैं। पुलिस के सूत्रों के अनुसार मुख्य आरोपी अर्जुन के खिलाफ पंजाब में कई स्थानों पर चोरी के कई केस दर्ज हैं। साल 2014 से आरोपी जमानत पर बाहर चल रहा था। पुलिस आरोपी के परिवार को भी राउंडअप कर पूछताछ में लगी है।

एक्ट्रेस अलंकृता सहाय सेक्टर-27 की कोठी में दूसरी मंजिल पर किराए पर रहती हैं। बीते मंगलवार दोपहर उनके कमरे में चाकू लेकर तीन युवक घुसे और धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद जबरन अलंकृता से एटीएम कार्ड लेकर पासवर्ड पूछा और एक लुटेरे ने मार्केट जाकर 50 हजार रुपये निकाल लिए। इस बीच लुटेरों की चंगुल से बचकर एक्ट्रेस ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया। इस बीच लुटेरों ने कमरे को खंगालकर करीब छह लाख की नकदी हासिल कर ली। करीब दो घंटे तक लूटपाट करने के बाद तीनों कोठी की पिछले हिस्से में बनी बालकनी से कूदकर सेक्टर-30 की तरफ फरार हो गए और तीनों आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे।
बता दें कि साल 2014 में अलंकृता मिस इंडिया अर्थ का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं । इसके अलावा वह फिल्म ‘लव पर स्क्वायर फूट’ और ‘नमस्ते इंग्लैंड’ में काम कर चुकी हैं ।
