पंचकूला के सेक्टर 16 में रहने वाले एक दंपति ने वीरवार को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के नीचे आकर जान दे दी। पहले महिला रेणु ने दोपहर लगभग साढ़े 3 बजे अपनी जान दी और फिर उसके पति विजय कांत ने भी 7 घंटे बाद रात 10.30 बजे उसी ट्रैक पर खुदकुशी कर ली।
मृतकों की पहचान जींद निवासी विजयकांत और उसकी पत्नी रेनु के रूप में हुई। विजय पेशे से ठेकेदार था। मृतक अपने पीछे 5 साल का बेटा और 3 साल की बेटी को छोड़ गये हैं।
जानकारी के मुताबिक महिला रेणु अपने ससुराल पक्ष से परेशान रहती थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। वहीं, अपनी पत्नी की मौत सहन नहीं कर पाने से विजय ने भी जान दे दी। दोनों ने 5 वर्ष पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज की थी।

रेणु के पिता सुनील दत्त की शिकायत पर रेलवे थाना पुलिस ने विजयकांत के पिता रमाकांत, मां सुशीला, बड़े भाई अजय कांत और भाभी रीना के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम कर शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
पत्नी की मौत के गम में की पति ने भी की खुदखुशी
पति-पत्नी पंचकूला के सैक्टर-16 में रहते थे। वीरवार को रेणु ने दोपहर 3.30 बजे मक्खन माजरा के पास पैसेंजर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। जेठ अजय कांत व पति विजय कांत उसकी तलाश करते हुए रात 10.30 बजे जी.आर.पी. थाना पहुंचे। जब पुलिस ने मृतक युवती की फोटो दिखाई तो विजय कांत ने तुरंत पहचान कर ली। इसके बाद वह थाने से निकल पड़ा और करीब 10:30 बजे वाशिंग लाइन के पास ट्रेन के आगे कूद गया।
पैसों के लिए तंग करते थे ससुराल वाले
लड़की के पिता सुनील दत्त ने ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि रेणु और विजय कांत की लव मैरिज के बाद परिवार भी राजी हो गया था। लेकिन रेणु की सास, ससुर, जेठ और जेठानी उसे पैसों के लिए तंग करते थे। इस कारण रेणु परेशान रहती थी। कई बार इसका जिक्र भी किया। सुनील दत्त ने कहा कि उन्होंने ससुराल पक्ष को ढ़ाई लाख रुपए भी दिए लेकिन उनका लालच खत्म नहीं हुआ। दूसरी बार 2 लाख और तीसरी बार 50 हजार रुपए बिजनैस के लिए मांगे। उन्होंने कहा कि शादी में कार, जेवर, फर्नीचर भी दिया था लेकिन ससुराल वाले रेणु को फिर भी तंग करते थे।
