Home » PassengerTrain » अब चण्डीगढ़ में एंट्री करने वालों का ऑक्सीजन लेवल भी चेक होगा

अब चण्डीगढ़ में एंट्री करने वालों का ऑक्सीजन लेवल भी चेक होगा

चण्डीगढ़। शहर में कोरोना वायरस महामारी ने शहरवासियों को बुरी तरह से अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। शहर को अनलॉक किए जाने के बाद एक बार फिर से लोगों की आवाजाही बढ़ गई है और कोरोना पॉजिटिव केस अब शहर में नई जगाहों से भी आने शुरू हो गए है।

जिससे प्रशासन के लिए इसे काबू कर पाना मुश्किल साबित हो रहा है। बुधवार प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने अन्य अधिकारियों व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनकी टीम, जो शहर के विभिन्न एंट्री प्वाइंट पर थर्मल स्क्रीनिंग का काम कर रही हैं, वह अपने साथ Oximeter भी रखें, ताकि संदिग्ध व्यक्ति की ऑक्सीजन लेवल की भी जांच तुरंत की जा सके। इससे कोरोना के लक्षणों की जल्द पहचान हो सकेगी।

15 नए पॉजिटिव केस आए सामने

15 नए पॉजिटिव मामलों में एक ही परिवार के 6 सदस्यों समेत अलग-अलग सेक्टरों के 9 मरीज शामिल हैं। नए मरीजों में मनीमाजरा की 54 वर्षीय महिला भी शामिल है। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके मकान में रहने वाले अन्य 15 लोगों के सैंपल ले लिए गए हैं।

Read More: 8 दिनों से फरार इंस्पेक्टर जसविंदर कौर जल्द आ सकती है सामने

सेक्टर-19 में 57 साल का एक व्यक्ति भी पॉजिटिव पाया गया है। परिवार में 3 सदस्य हैं और सभी के सैंपल लिए गए हैं। इसके अलावा सेक्टर-20 में एक ही परिवार के 3 मेंबर्स की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसमें 59 व 44 साल के पुरुष और 53 साल की महिला शामिल है। परिवार की एक युवती पहले संक्रमित पाई गई थी।

वहीं, सेक्टर-45ए में रहने वाली 25 साल की युवती की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वह PGI में रिसर्च स्कॉलर है और पंजाब में एक पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने के कारण संक्रमित हुई है। युवती के परिवार के लोगों को होम क्वारेंटाइन कर दिया गया है।

इसके अलावा सेक्टर-49 में एक ही परिवार के 6 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें 44 साल की महिला, 17 साल का युवक, 47 साल का पुरुष, 74 साल की महिला, 71 साल का बुजुर्ग व 8 साल का बच्चा शामिल है। वहीं, सेक्टर-44 में 47 साल का पुरुष पॉजिटिव पाया गया है। परिवार के 3 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।

सेक्टर 43 में एक ही परिवार के दो सदस्य भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें 57 साल की महिला व 29 साल का युवक शामिल है। दोनों ही पंजाब में नौकरी करते हैं। इनके संपर्क में आने से दो और लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। एजुकेशन डिपार्टमेंट में काम करने वाले 5 कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से कुछ मोहाली तो कुछ पंचकूला में रहते हैं।