Home » Chandigarh » शटर तोड़कर 35 कीमती लैपटॉप चोरी

शटर तोड़कर 35 कीमती लैपटॉप चोरी

सेक्टर-20, चंडीगढ़ में रविवार की सुबह चोरों ने एक कंप्यूटर शोरूम का शटर तोड़कर उसमें रखे 35 कीमती लैपटॉप चोरी कर लिये। पुलिस इस वारदात के पीछे एक बड़े गिरोह का हाथ मान कर जांच कर रही है। वहीं शोरूम के मालिक ने तमाम लैपटॉप के सीरीज ऑर्डर नंबर दे दिये हैं।

पुलिस के मुताबिक सेक्टर-20 के शोरूम नुमिनोस कंप्यूटर के ताले तोड़कर चोर करीब 12 लाख के लैपटॉप चोरी कर ले गये है। सुबह 11 बजे शोरूम में काम करने वाली पूजा शोरूम पर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। शटर के ताले टूटे हुए थे। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। पूजा ने अपने स्टॉफ के साथ-साथ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पूजा की स्टेटमेंट पर अज्ञात लोगों के खिलाफ शोरूम से 35 लैपटॉप चोरी करने का मामला दर्ज कर लिया है।

फाेरेंसिक टीम ने लिये चोरों के फ्रिंगर प्रिंट

सेक्टर-19 थाना पुलिस और फाेरेंसिक टीम ने शोरूम से चोरों के फ्रिंगर प्रिंट लेकर जांच शुरू कर दी है। पूजा ने पुलिस को बताया है कि शोरूम के मालिक विदेश में रहते हैं। वह दो महीने में एक बार भारत आते हैं। पुलिस ने चोरी के इस मामले में शोरूम पर काम करने वाले करीब 9 कर्मचारियों के नाम और पते अपने रिकार्ड में दर्ज कर लिए हैं। पूजा के अनुसार शनिवार शाम करीब आठ बजे नुमिनोस कंप्यूटर शोरूम बंद करके पूरा स्टाफ अपने घर चला गया था। रविवार सुबह 11 बजे जब शोरूम पर पहुंची तो शटर के दोनों ताले टूटे हुए थे।

40 मिनट में दिया वारदात को अंजाम

पुलिस का कहना है कि चोरों ने इस वारदात को मात्र 40 मिनट में अंजाम दिया। सीसीटीवी कैमरों में दो चोर कैद होने से नहीं बच पाए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की तो सामने आया कि दोनों चोरों ने सफेद रंग के कपड़े पहने हुए हैं। दोनों पेचकस के साथ शोरूम का गल्ला तोड़ते दिखाई दे रहे हैं लेकिन गल्ला खाली था।