Home » Panchkula » मनीमाजरा श्मशानघाट बंद करने के निर्देश जारी

मनीमाजरा श्मशानघाट बंद करने के निर्देश जारी

प्रशासन ने मनीमाजरा श्मशानघाट बंद करने के निर्देश जारी कर दिये हैं। प्रशासन की यहां ग्रीन बेल्ट विकसित करने की योजना है। उक्त निर्देश प्रशासन के वित्त सचिव कम मुख्य प्रशासक द्वारा जारी किये गये। प्रशासन के इस आदेश के खिलाफ क्षेत्र के पार्षदों, मनीमाजरा और पंचकूला के लोगों में रोष उत्पन्न हो गया है। आदेशों की प्रति नगर निगम को भी भेजी गई है। आदेशों में कहा गया है कि-’अधिसूचित मास्टर प्लान-2031 के तहत, चंडीगढ़-कालका मार्ग पर स्थित मनीमाजरा श्मशानघाट के आसपास काफी आबादी हो चुकी है, इसलिए इसे बंद करने की जरूरत है और इसकी जगह ग्रीन बेल्ट को विकसित किया जाना चाहिए।’ इसके अतिरिक्त आदेशों में यह भी कहा गया कि मनीमाजरा श्मशानघाट आने वाले लोग अपने वाहन चंडीगढ़-कालका मार्ग के साथ खड़े कर देते हैं जिससे जाम की समस्या पैदा हो जाती है।

प्रशासन का कहना है कि श्मशानघाट शहर-स्तरीय सुविधा है जिसे पहले ही शहर के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में मुहैया करा दिया गया है। इंडस्ट्रियल एरिया फेज़-1 की मंजूर ड्राइंग में श्मशानघाट के लिए 6.12 एकड़ का क्षेत्र उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा उत्तरी दिशा में बच्चों को दफनाने की जगह का निर्माण भी हो चुका है। इंडस्ट्रियल एरिया फेज़-1 में ही इलेक्ट्रिक श्मशानघाट भी बनाया जा सकता है, जोकि मनीमाजरा के नजदीक है।