Home » Others » गैंगस्टर कुलबीर नरुआना की बठिंडा में गोलीमार कर हत्या, साथी को फॉर्च्यूनर से कुचला, आरोपी काबू

गैंगस्टर कुलबीर नरुआना की बठिंडा में गोलीमार कर हत्या, साथी को फॉर्च्यूनर से कुचला, आरोपी काबू

पंजाब के पूर्व गैंगस्टर कुलबीर नरुआना की बुधवार सुबह बठिंडा में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वारदात को आज सुबह 7.00 बजे के आसपास अंजाम दिया गया। इस दौरान कुलबीर नरुआना के साथी चमकौर चुम्भा की भी मौत हो गई, जबकि गुरप्रीत सिंह गोरा घायल हो गया। बता दें कि, मृतक के साथी मन्ना निवासी तलवंडी साबो ने गैंगस्टर को गोलियां मारी है।

मृतक कुलबीर के पिता साधु सिंह ने बताया कि कुलबीर नरुआना का साथी मन्ना सुबह घर आया था। इस दौरान उसने चाय पीने की इच्छा जाहिर की। इस पर नरुआना ने अपने एक साथी को चाय लेने घर के अंदर भेज दिया और खुद मन्ना के साथ अपनी गाड़ी में बैठ गया। जैसे ही कुलबीर ने गाड़ी के दरवाजे बंद किए तो मन्ना ने उसपर ताबडतोड़ गोलियों की बौछार कर दी। फायरिंग में कुलबीर की मौके पर ही मौत हो गई।

गोलियों की अवाज सुनकर कुलबीर का दूसरा साथी चमकौर पहुंचा तो मन्ना ने पहले उसके पैर पर गोली मारी और फिर अपनी फॉर्च्यूनर कार उस पर चढ़ा दी, जिसने बठिंडा के सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया।

वहीं इस दौरान नरवाना के एक और साथी गुरप्रीत गोरा को भी जांघ में गोली लगी है, जिसे बठिंडा के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। वहीं जवाबी कार्रवाई में कुलबीर के साथियों ने भी उस पर फायरिंग कर दी । घटना का पता चलते ही पुलिस ने आरोपी को कुछ ही समय में जख्मी हालत में धर दबोचा। मन्ना को भी किसी अन्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

कुछ समय पहले भी हुआ था हमला

इससे पहले भी कुलबीर नरुआना पर जानलेवा हमला हुआ था। जब पूर्व गैंगस्टर अपने फाइनेंस का दफ्तर बंद कर अपने गांव की तरफ जा रहे थे, तब बठिंडा कैनाल ब्रिज पर एक स्कोडा कार में सवार हमलावरों ने उसकी स्कॉर्पियो कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि, इस दौरान वह बाल-बाल बच गए थे।

अपराध की दुनिया छोड़ समाज सेवा करने में जुटा था कुलबीर

गैंगस्टर कुलबीर नरुआना अपराध की दुनिया को छोड़ धीरे-धीरे मुख्य धारा में लौट रहा था। पिछले कुछ साल से नरुआना आस-पास के गांव की गरीब लड़कियों की शादी करवाकर समाज सेवा करने में जुटा हुआ था।