Home » Panchkula » 71 साल की महिला की बेरहमी से हत्या

71 साल की महिला की बेरहमी से हत्या

सेक्टर-21 में रिटायर्ड कैप्टन मनमोहन लाल मेहता की 71 वर्षीय पत्नी नीरा मेहता की सनसनीखेज हत्या के मामले में पंचकूला पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में घर में काम करने वाली सुनीता देवी, उसका पति शंकर और बेटा राजा शामिल हैं।

पूरे मामले का खुलासा मंगलवार को पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अदिति सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। तीनों आरोपियों को बुधवार को जिला अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, जहां उनसे गहन पूछताछ की जाएगी।

डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि 3 अगस्त को रिटायर्ड कैप्टन मनमोहन लाल मेहता ने सेक्टर-21 पुलिस चौकी में अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि घर से सोने के कुछ आभूषण भी गायब हैं और उन्हें घर में काम करने वाली महिला पर चोरी का संदेह है।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए संदिग्ध घरेलू सहायिका के घर पर दबिश दी। शुरुआती तलाशी में कुछ खास नहीं मिला, लेकिन जब पुलिस टीम छत पर पहुंची तो एक चादर के नीचे छिपाया गया नीरा मेहता का शव बरामद होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

शव मिलने के बाद चौकी प्रभारी दीदार सिंह ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अन्य विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने शुरू किए।

जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने घरेलू सहायिका सुनीता देवी, उसके पति शंकर और बेटे राजा को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के बाद तीनों को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान सुनीता देवी ने आभूषण चोरी के आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि उसने कोई चोरी नहीं की और महिला की मौत फिसलने से हुई। हालांकि पुलिस फिलहाल इस दावे को स्वीकार नहीं कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

डीसीपी अदिति सिंह ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महज 24 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करना पंचकूला पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े कई और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।