Home » Chandigarh » एक मई से चंडीगढ़ में रोजाना बदलेंगे डीजल-पेट्रोल के रेट

एक मई से चंडीगढ़ में रोजाना बदलेंगे डीजल-पेट्रोल के रेट

एक मई से चंडीगढ़ में सोने-चांदी की तरह रोज डीजल और पेट्रोल के रेट बदलेंगे। नई व्यवस्था को पूरे देश में लागू करने से पहले पेट्रोलियम मंत्रालय ने ट्रायल के लिए चंडीगढ़ के अलावा पुडुचेरी, विशाखापट्टनम, उदयपुर और राजकोट को चुना है। क्योंकि इन शहरों के पेट्रोल पंप ऑटोमेटिक हैं।

इंडियन ऑयल के सीनियर डिवीजनल मैनेजर सचिन शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि इससे लोगों को फायदा होगा। इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड आॅयल का जो रेट होगा, उसी रेट पर उपभोक्ताओं को भी तेल मिलेगा। सचिन ने कहा कि बीते दिसंबर में शुरू होनी थी लेकिन नोटबंदी के चलते इस व्यवस्था को लागू करने में थोड़ा समय लगा। दुनिया के ज्यादातर विकसित बाजारों में पहले से ही ऐसी व्यवस्था है।

रोज आधी रात 12 बजे बदलेंगे रेट

रोज रात 12 बजे पेट्रोल और डीजल का नया रेट आएगा। चंडीगढ़ पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के जनरल अमनप्रीत सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ में 40 पेट्रोल पंप हैं। इंटरनेशनल मार्केट के हिसाब से चंडीगढ़ के उपभोक्ता को रोज नए रेट पर तेल मिलेगा।

इसलिए किया फैसला

ऑयल कंपनियों का कहना है कि तेल के रेट सभी जगह बराबर हों और लोगों को हर जगह एक ही दर पर तेल मिल सके, इसीलिए यह फैसला लिया है। जीएसटी लागू होने के बाद संभवत: सभी प्रदेशों में पेट्रोल के दाम एक हो जाएंगे। फिलहाल हर 15 दिन में तेल की कीमतों में बदलाव होता है।