Home » Others » श्मशानघाट बंद करने का फैसला लिया वापिस

श्मशानघाट बंद करने का फैसला लिया वापिस

चंडीगढ़ ने मनीमाजरा के श्मशानघाट को बंद करने का फैसला वापस ले लिया है। इससे मनीमाजरा व आसपास रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। श्मशानघाट बंद करने का निर्णय वापस लेने का फैसला लोगों व जनप्रतिनिधियों के भारी विरोध के बाद प्रशासन को मजबूरी में लेना पड़ा। मनीमाजरा श्मशानघाट को बंद करने का फैसला प्रशासन के ही वित्त सचिव कम मुख्य प्रशासक ने कुछ दिन पहले ही लिया था। यह फैसला आते ही क्षेत्र के पार्षदों, मनीमाजरा व पंचकूला के लोगों में भारी रोष भर गया था। लोगों ने बड़े स्तर पर इसका विरोध किया। आखिर लोगों का रोष रंग लाया व आज चंडीगढ़ प्रशासन को यह फैसला वापस लेना पड़ा।

प्रशासन के अादेशों में कहा गया था कि अधिसूचित मास्टर प्लान-2031 के तहत चंडीगढ़-कालका मार्ग पर स्थित श्मशानघाट के आसपास काफी घनी आबादी हो गई है इसलिए अब यहां स्थित श्मशानघाट को बंद करने की जरूरत है। साथ ही यह भी कहा गया था कि इसकी जगह पर ग्रीन बेल्ट एरिया विकसित किया जाएगा।

ऐसे वापस लिया फैसला

अब लोगों के भारी विरोध के बाद प्रशासन ने इस पर पुन: विचार किया व मनीमाजरा के श्मशानघाट को बंद करने के अपने ही फैसले पर रोक लगा दी। सूत्रों के अनुसार पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर की मंजूरी मिलने के बाद यह फैसला वापस ले लिया गया। अब लोग यहां पर अपने प्रियजनों की मृत्यु उपरांत उनका अंतिम संस्कार पहले की ही भांति कर सकेंगे।