Home » Videos » किसानों ने चंडीमंदिर टोल प्लाजा को करवाया फ्री

किसानों ने चंडीमंदिर टोल प्लाजा को करवाया फ्री

किसानों के आंदोलन का आज 17वां दिन है। किसानों ने सरकार के प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए अपने आंदोलन को तेज करने की बात कही है। इसी के तहत आज किसानोंं ने देशभर में टोल प्लाजा फ्री करने का आह्वान किया है। इसके तहत कई टोल प्लाजा तो फ्री हो गए हैं, वहीं कई जगह पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा।

कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने शनिवार को हाईवे और टोल जाम करने की घोषणा की थी। शनिवार सुबह किसानों ने हरियाणा के चंडीमंदिर टोल प्लाजा को बंद करवाया। टोल कर्मियों का कहना है कि कल रात 12 बजे से टोल फ्री हो गया है। कुछ किसान आए थे और यह किसान आंदोलन के लिए किया गया है। हमें अभी तक कोई आदेश नहीं मिला है कि यह कब तक जारी रहेगा वाहन चालकों को टोल नहीं देने दिया गया।

दिल्ली-जयपुर और दिल्ली आगरा हाइवे को जाम करने का एलान किया गया है हालांकि अभी तक दिल्ली जयपुर हाइवे खुला है। वहीं दिल्ली आगरा हाईवे भी खुला है। करनाल में टोल प्लाजा को फ्री कर दिया गया है। वहीं दिल्ली बॉर्डर पर पंजाब से किसानों के अलग अलग जत्थे पहुंच रहे हैं। दिल्ली पुलिस की तीन कंपनियों ने बैरिकेड और के्रंस बुलाकर दिल्ली फरीदाबाद बार्डर पर तैयारी कर ली है।

वहीं भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत का कहना है कि अगर बैन किए गए संस्थानों के लोग हमारे विरोध प्रर्दशन में दिखाई दे रहे हैं तो सेंट्रल इंटेलिजेंस को उन्हें तत्काल पकडक़र जेल भेजना चाहिए। हमें अपने आंदोलनकर्ताओं के बीच ऐसा कोई शख्स दिखाई नहीं दे रहा है। अगर हमें ऐसा कोई मिला तो हम तुरंत उन्हें बाहर निकाल देंगे। दरअसल खुफिया सूत्रों के अनुसार किसान आंदोलन से जुड़ी एक रिपोर्ट सरकार को भेजी गई है।