Home » Chandigarh » पानी के मुद्दे पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, दो दिन पहले ‘आप’ ने भी जताया था विरोध

पानी के मुद्दे पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, दो दिन पहले ‘आप’ ने भी जताया था विरोध

चंडीगढ़ में वीरवार को जगह जगह धरना प्रदर्शन किए जाएंगे। यह प्रदर्शन महंगाई के विरोध में कांग्रेस करने वाली है। कांग्रेस भवन में पंजाब कांग्रेस के नेता 11 बजे अपना धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे तो वहीं, हरियाणा कांग्रेस महंगाई को लेकर केंद्र और हरियाणा सरकार को घेरने के लिए चंडीगढ़ में धरना और पैदल मार्च निकालेगी। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है।

नगर निगम के बाहर बैठे कार्यकर्ता

चंडीगढ़ कांग्रेस ने शहर में बढ़ाए गए पानी के रेट के विरोध में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बता दें कि चंडीगढ़ में एक अप्रैल से पानी के रेट बढ़ाए गए हैं। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सेक्टर-17 स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर सुबह 10 बजे धरने पर बैठ गए हैं। हाथों में स्लोगन लिखे बोर्ड लिए महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दूबे, कांग्रेस पार्षद गुरबख्श रावत समेत कई कार्यकर्ता धरने में शामिल हुए हैं।

सुभाष चावला ने कहा कि भाजपा की नीतियों के खिलाफ सभी पार्टियों को मिल कर लड़ना चाहिए। गैर राजनीतिक संस्थाओं को भी ऐसे मुद्दों में साथ देने के लिए आगे आना चाहिए। हाल ही में हाउस में कांग्रेसी पार्षद गुरबख्श रावत और गुरप्रीत सिंह ने पानी के मुद्दे को उठाया था।

आप का ‘हल्ला बोल’ रुकवा दिया था पुलिस ने

इससे पहले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ पुलिस ने नगर निगम ऑफिस नहीं पहुंचने दिया था। उनका प्रदर्शन सेक्टर 17 परेड ग्रांउड के सामने था। यहां से करीब 200 मीटर दूर निगम का दफ्तर है। पुलिस ने बैरिकेड्स लगा रखे थे। कार्यकर्ताओं पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल और लाठीचार्ज किया गया। उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया गया था। शहर में पानी के रेट 1 अप्रैल से बढ़े हैं। इसे लेकर विपक्ष भाजपा पर निशाना साध रहा है।